आदि गुरु शंकराचार्य जयंती पर आष्टा में उमड़ा आस्था का सैलाब, गोस्वामी समाज ने निकाला भव्य एवं ऐतिहासिक चल समारोह




 आदि गुरु शंकराचार्य जयंती पर आष्टा में उमड़ा आस्था का सैलाब, गोस्वामी समाज ने निकाला भव्य एवं ऐतिहासिक चल समारोह

आष्टा की आवाज़ / नवीन शर्मा 

आष्टा। आदि गुरु शंकराचार्य जी की जयंती के पावन अवसर पर अखिल भारतीय गोस्वामी सभा दिल्ली की प्रदेश इकाई मध्यप्रदेश, जिला सीहोर एवं तहसील आष्टा के तत्वावधान में आष्टा गोस्वामी समाज उत्थान एवं सर्व कल्याण समिति द्वारा भव्य एवं विशाल चल समारोह निकाला गया। धार्मिक आस्था, सनातन संस्कृति और समाज की एकजुटता का प्रतीक बना यह जुलूस नगर में आकर्षण का केंद्र रहा।

चल समारोह का शुभारंभ आष्टा के मानस भवन से हुआ, जहां से भगवा रंग में रंगा जनसैलाब जयघोषों के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से निकला। जुलूस में पांच निशानधारी महंत घोड़ों पर सवार होकर चल रहे थे, वहीं बैंड, ढोल-नगाड़ों, बग्गियों और धार्मिक ध्वजों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आदि गुरु शंकराचार्य जी की प्रतिमा एवं शिवलिंग विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुरुष भगवा वस्त्र धारण कर शामिल हुए, वहीं मातृशक्ति की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को और भी भव्य स्वरूप प्रदान किया। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर साधु-संतों एवं अतिथियों का स्वागत किया।


चल समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री बालकृष्ण पर्वत जी गोस्वामी, राष्ट्रीय महासचिव श्री सुरेंद्र गिरी जी गोस्वामी, पूर्व अध्यक्ष संत समिति मध्यप्रदेश, श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर राजगुरु जी महाराज, राष्ट्रीय संत मुकेशानंद जी भारती (जूना अखाड़ा), महंत पवन गिरी गोस्वामी सचिव निर्वाणी अखाड़ा सहित अनेक संत-महंत एवं महामंडलेश्वर विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी संतों का वरिष्ठ समाजसेवी दिनेश जी सोनी के निवास पर भव्य स्वागत किया गया।

बग्गियों में सवार संत-महात्माओं के दर्शन के लिए नगरभर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। जगह-जगह समाजजनों एवं विभिन्न संगठनों द्वारा अतिथियों का सम्मान किया गया।


कार्यक्रम का समापन मानस भवन में हुआ, जहां नगर के वरिष्ठ पत्रकारों, गणमान्य नागरिकों एवं विभिन्न समाजों के अध्यक्षों का सम्मान किया गया। आयोजन में तहसील अध्यक्ष आनंद पुरी गोस्वामी एवं चल समारोह अध्यक्ष नरेंद्र गोस्वामी की विशेष भूमिका रही।

इस अवसर पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी अध्यक्ष प्रीतम पुरी, राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष उत्कर्षा जी गोस्वामी, राष्ट्रीय संगठन मंत्री लक्ष्मण गिरी, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी बिपिन यती, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आशा गोस्वामी, प्रदेश अध्यक्ष महंत रूपनारायण गिरी, महिला अध्यक्ष कविता गोस्वामी, युवा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र पुरी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

धार्मिक उल्लास, अनुशासन और समाज की एकजुटता से सजे इस आयोजन ने नगर में सनातन संस्कृति की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

#buttons=(Accept !) #days=(20)

हमारे चैनल में जुड़ने के लिय अभी अपना फॉर्म भरे अप्लाई now पर tuch करें . Apply Now
Accept !