विनीत त्रिवेदी बने अखंड ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष, पूर्व अध्यक्ष रवि शर्मा ने माना सभी का आभार
आष्टा की आवाज़/ नवीन शर्मा
आष्टा। अखंड ब्राह्मण समाज की आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से विनीत त्रिवेदी को समाज का नया अध्यक्ष चुना गया। साथ ही गबू शर्मा को परशुराम जयंती महोत्सव का अध्यक्ष चुना गया इस अवसर पर समाज में उत्साह और सकारात्मक वातावरण देखने को मिला। वरिष्ठजनों, युवाओं और समाज के सक्रिय सदस्यों की मौजूदगी में यह निर्णय लिया गया।
अध्यक्ष पद की घोषणा के साथ ही नवनियुक्त अध्यक्ष विनीत त्रिवेदी का समाजजनों ने तालियों के साथ स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि समाज के विश्वास पर खरा उतरना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी और संगठन को शिक्षा, संस्कार, सेवा व सामाजिक एकता की दिशा में मजबूत किया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष रवि शर्मा ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए समाज के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी, उसे निभाने में सभी पदाधिकारियों, वरिष्ठजनों और युवाओं का भरपूर सहयोग मिला।
रवि शर्मा ने नवनियुक्त अध्यक्ष विनीत त्रिवेदी को शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में अखंड ब्राह्मण समाज और अधिक संगठित व सक्रिय होगा। उन्होंने कहा कि नेतृत्व बदलता है, लेकिन समाज सेवा की भावना निरंतर बनी रहनी चाहिए।
बैठक में आगामी सामाजिक गतिविधियों, सदस्यता विस्तार और संगठन को मजबूत करने को लेकर भी चर्चा हुई। समाज के पदाधिकारियों ने एक स्वर में संगठन की एकजुटता और सक्रिय भूमिका पर जोर दिया।


