रात 11 बजे तक गूंजता रहा DJ, आष्टा पुलिस का एक्शन—मौके पर ही जब्त, दो आरोपी पर केस दर्ज
आष्टा की आवाज़ / नवीन शर्मा
आष्टा - ध्वनि प्रदूषण पर सख्ती दिखाते हुए आष्टा पुलिस ने देर रात तेज आवाज में डीजे बजाने वालों पर बड़ी कार्रवाई की। भोपाल रोड के समीप लक्ष्मी इवेंट “ड्रेगन डीजे” द्वारा रात करीब 11 बजे तक तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था, जिससे आसपास के रहवासियों को परेशानी हो रही थी।
जागरूक नागरिकों की सूचना पर थाना आष्टा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और डीजे को बंद करवाते हुए उपकरण जब्त कर लिया। साथ ही डीजे संचालक के खिलाफ मध्यप्रदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम की धारा 7/15 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
इस कार्रवाई में दो आरोपियों—
सुरेश कुशवाहा (निवासी ग्राम मांगरौला, शुजालपुर, जिला शाजापुर)
भारत पूर्विया (निवासी ग्राम अमलार, तहसील तलेन, जिला राजगढ़)
को नामजद किया गया है।
पुलिस ने मौके से पिकअप वाहन (MP04-K-4899) भी जब्त किया है।
गौरतलब है कि पूर्व में 13 फरवरी 2026 को थाना परिसर में डीजे संचालकों व मैरिज गार्डन संचालकों की बैठक लेकर स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि अस्पताल, स्कूल, न्यायालय व अन्य शासकीय संस्थानों के आसपास तथा देर रात तेज आवाज में डीजे बजाना प्रतिबंधित है।
पुलिस की सख्त चेतावनी:
आष्टा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बुजुर्गों, बच्चों और आम नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ध्वनि प्रदूषण नियमों का पालन करें, अन्यथा उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

