*एकलव्य एकेडमी, आष्टा में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को AI के सुरक्षित उपयोग का दिया संदेश*
आष्टा की आवाज / नवीन शर्मा
विद्यार्थियों को साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दुरुपयोग से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से *शासकीय होलकर विज्ञान महाविद्यालय, इंदौर* के *साइबर सुरक्षा विभाग* के विद्यार्थियों द्वारा संचालित संस्था *टेकडिफेंडर्स (द साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स)* के तत्वावधान में *एकलव्य एकेडमी, आष्टा, जिला सीहोर* में *साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम* का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता *श्री विकास परमार* (आईएसईए मास्टर ट्रेनर एवं साइबर क्राइम अवेयरनेस ट्रेनर - टेकडिफेंडर्स (द साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स)) ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, मजबूत पासवर्ड, डिजिटल गोपनीयता तथा साइबर सुरक्षा के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने AI के सही एवं जिम्मेदार उपयोग पर चर्चा करते हुए बताया कि साइबर अपराधी AI की मदद से फर्जी आवाज, तस्वीर, वीडियो एवं डीपफेक तैयार कर लोगों को भ्रमित कर ठगी का शिकार बना रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल, संदेश या AI से तैयार डिजिटल सामग्री पर बिना सत्यापन के विश्वास न करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान *टेकडिफेंडर्स (द साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स)* के *संस्थापक श्री उज्ज्वल कुमावत एवं श्री कुलदीप मालवीय(संस्थापक - पराक्रम बोर्डिंग)* भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों एवं AI आधारित फ्रॉड से बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी तथा बताया कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी या साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर *एकलव्य एकेडमी* के *संचालक श्री मनीष सोनी* एवं *प्राचार्य श्री हिमांशु शर्मा* ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर एवं AI सुरक्षा की जानकारी प्रत्येक विद्यार्थी के लिए आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, AI का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा अपने परिवार और समाज को भी डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं समयानुकूल बताया। वहीं *टेकडिफेंडर्स (द साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स)* ने भविष्य में भी प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।


