साहस, रणनीति और कर्तव्यनिष्ठा का सम्मान, दामोदर गुप्ता को मिलेगा रुस्तमजी पुरस्कार
ग्वालियर में कुख्यात डकैत गुड्डा गुर्जर के खिलाफ साहसिक अभियान में निभाई थी अहम भूमिका, उत्कृष्ट पुलिसिंग के लिए हुआ सम्मान
आष्टा की आवाज़ / नवीन शर्मा
आष्टा। माँ पार्वती की नगरी आष्टा के लिए गौरव का क्षण है। वर्तमान में आष्टा एसडीओपी के पद पर पदस्थ दामोदर गुप्ता को मध्यप्रदेश पुलिस के सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में शामिल के.एफ. रुस्तमजी पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा जारी सूची में उनका चयन विशिष्ट श्रेणी में किया गया है। पुरस्कार के तहत उन्हें 50 हजार रुपये की नगद राशि एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाएगा।
यह सम्मान उन्हें वर्ष 2022 में ग्वालियर-मुरैना अंचल में सक्रिय कुख्यात डकैत गुड्डा गुर्जर के विरुद्ध चलाए गए विशेष अभियान में उनके साहस, नेतृत्व क्षमता और उत्कृष्ट पुलिस कार्य के लिए प्रदान किया जा रहा है।
जान जोखिम में डालकर किया था डकैत का सामना
जानकारी के अनुसार उस समय गुड्डा गुर्जर पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। ग्वालियर जिले के भंवरपुरा क्षेत्र के बीहड़ और जंगलों में पुलिस एवं डकैत के बीच आमने-सामने की मुठभेड़ हुई थी। इस कार्रवाई में डकैत घायल हुआ और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
इस पूरे अभियान में तत्कालीन पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने असाधारण साहस, रणनीतिक कौशल और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया था। उन्हीं अधिकारियों में शामिल दामोदर गुप्ता की भूमिका को विशेष रूप से सराहा गया, जिसके परिणामस्वरूप उनका चयन इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए किया गया।
ग्वालियर के चार पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान
राज्य स्तरीय पुरस्कार सूची में ग्वालियर जिले के कुल चार पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया है। इनमें तत्कालीन डीएसपी रत्नेश तोमर, वर्तमान एसडीओपी दामोदर गुप्ता, टीआई इला टंडन तथा हेड कांस्टेबल नरवीर राणा शामिल हैं। इन सभी को विभिन्न महत्वपूर्ण अभियानों और अपराधों के सफल खुलासों में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जा रहा है।
आष्टा और सीहोर जिले में खुशी की लहर
दामोदर गुप्ता के चयन की घोषणा के बाद आष्टा सहित पूरे सीहोर जिले में खुशी का माहौल है। पुलिस विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।
आष्टा एसडीएम नितिन कुमार टाले ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस विभाग में के.एफ. रुस्तमजी पुरस्कार प्राप्त करना उत्कृष्ट सेवा, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक माना जाता है। यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सम्मान है, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
क्या है के.एफ. रुस्तमजी पुरस्कार?
के.एफ. रुस्तमजी पुरस्कार मध्यप्रदेश पुलिस का एक अत्यंत प्रतिष्ठित सम्मान है। यह पुरस्कार पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं, साहसिक कार्यों, अपराध नियंत्रण, जोखिमपूर्ण अभियानों और उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए प्रदान किया जाता है। पुलिस महकमे में इसे सर्वोच्च सम्मान की श्रेणी में माना जाता है।

