नाले की सुस्त खुदाई ने खोदी जनता की मुसीबतें, पुराने बस स्टैंड पर हादसों का इंतजार करता प्रशासन!
कई दिनों से अधूरा पड़ा निर्माण कार्य, बदले रूट ने बिगाड़ी यातायात व्यवस्था, आमजन भुगत रहे अव्यवस्था की सजा
आष्टा की आवाज़ / नवीन शर्मा
आष्टा। पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में चल रहा नाला निर्माण कार्य अब विकास से ज्यादा अव्यवस्था की पहचान बनता जा रहा है। कई दिनों से सड़क खोदकर छोड़ दी गई है, लेकिन काम की रफ्तार ऐसी है कि जनता को राहत मिलती नजर नहीं आ रही। नतीजा यह है कि रोजाना वाहन चालक, राहगीर और व्यापारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
निर्माण कार्य के कारण यातायात का रूट बदल दिया गया है, लेकिन वैकल्पिक व्यवस्था नाकाफी साबित हो रही है। संकरे रास्तों और अव्यवस्थित यातायात के चलते आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं। सवाल यह है कि आखिर किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदारों की नींद खुलेगी?
स्थानीय लोगों का कहना है कि काम शुरू तो कर दिया गया, लेकिन उसे समय पर पूरा करने की कोई गंभीरता दिखाई नहीं दे रही। सड़क पर फैली निर्माण सामग्री, गड्ढे और अवरोध लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है और आमजन रोज जाम व दुर्घटनाओं के खतरे से जूझ रहे हैं।
नगरवासियों का कहना है कि विकास कार्यों का स्वागत है, लेकिन जनता को महीनों तक परेशानी में डालकर नहीं। अब लोगों की मांग है कि प्रशासन निर्माण कार्य की गति बढ़ाए, सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करे और जल्द से जल्द इस अव्यवस्था से मुक्ति दिलाए।
"काम की रफ्तार कछुए जैसी, लेकिन जनता की परेशानी हर दिन बढ़ती जा रही है।"


