आगामी त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट
आष्टा में पुलिस-प्रशासन का फ्लैग मार्च, शांति और सौहार्द का दिया संदेश
आष्टा की आवाज़ / नवीन शर्मा
आष्टा। आगामी ईद सहित विभिन्न त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को थाना आष्टा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा नगर में विशाल फ्लैग मार्च निकाला गया। पूरे शहर में निकले इस फ्लैग मार्च ने आमजन में सुरक्षा और विश्वास का संदेश दिया।
फ्लैग मार्च पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत के निर्देशन में आयोजित किया गया। मार्च का नेतृत्व एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं थाना प्रभारी आष्टा द्वारा किया गया।
फ्लैग मार्च सुभाष चौक से प्रारंभ होकर कसाईपुरा, पुरानी सब्जी मंडी, बड़ा बाजार, सेहजनी चौकी, सिकंदर बाजार, गंज चौराहा, अखण्डलवाला चौराहा, राम मंदिर, अस्पताल चौराहा, पुराना बस स्टैंड, किला एवं शंकर मंदिर मार्ग सहित नगर के संवेदनशील और प्रमुख क्षेत्रों से होकर निकाला गया।
इस दौरान पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने नागरिकों से शांति, भाईचारा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार आपसी प्रेम और सौहार्द का प्रतीक हैं तथा सभी नागरिक मिलजुलकर इन्हें शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं।
फ्लैग मार्च के दौरान नगरवासियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। जगह-जगह लोगों ने पुलिस-प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया और इसे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में सराहनीय कदम बताया।



