स्थानीय निकाय मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर बीएलओ और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण संपन्न
आष्टा की आवाज़ / नवीन शर्मा
आष्टा। मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार स्थानीय निकायों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण कार्य को लेकर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले विभिन्न स्थानीय निकायों में नियुक्त प्राधिकृत कर्मचारियों, बीएलओ एवं सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
यह प्रशिक्षण नगर परिषद कोठरी, तहसील कार्यालय आष्टा, जनपद पंचायत आष्टा तथा जावर तहसील क्षेत्र के कर्मचारियों के लिए शासकीय महाविद्यालय जावर में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण में सभी बीएलओ एवं प्राधिकृत कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अनुरूप स्थानीय निकायों की मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई। साथ ही दावे एवं आपत्तियों के प्राप्ति एवं निराकरण की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अंतिम तिथि 25 मई 2026 निर्धारित की गई है। इसके पूर्व सभी आवश्यक कार्यवाहियां पूर्ण करने के निर्देश संबंधित कर्मचारियों को दिए गए।
आष्टा में आयोजित प्रशिक्षण में तहसीलदार श्री रामलाल पगारे उपस्थित रहे। वहीं जावर में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में तहसीलदार श्री सिद्धांत सिंगला एवं श्री ओमप्रकाश चोरमा की उपस्थिति में मास्टर ट्रेनर श्री प्रेम नारायण श्रीवास्तव एवं दीपक सेन द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि न हो, इसके लिए कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश एवं तकनीकी जानकारी भी दी गई।


