हरियाली महोत्सव की अनूठी शुरुआत शादी की सालगिरह पर लगाया पौधा, खिलाड़ियों संग दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
आष्टा की आवाज़ / नवीन शर्मा
आष्टा। शहर में पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता को लेकर एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली, जहां एवरग्रीन स्पोर्ट्स एकेडमी द्वारा “हरियाली महोत्सव” की नई शुरुआत की गई। इस अवसर पर कैलाश घेघट एवं उनकी धर्मपत्नी ने अपनी शादी की सालगिरह खिलाड़ियों और क्रिकेट मित्रों के साथ वृक्षारोपण कर मनाई तथा समाज को प्रकृति संरक्षण का सकारात्मक संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान सुभाष ग्राउंड में खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने मिलकर पौधारोपण किया और हर खुशी के अवसर पर पेड़ लगाने का संकल्प लिया। खेल प्रशिक्षक सुनील तिवारी ने कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि एक ऐसी सोच की शुरुआत है जिसका कोई अंत नहीं। उन्होंने कहा कि आज लोग जन्मदिन और एनिवर्सरी पर केक काटने, ध्वनि प्रदूषण करने और दिखावे में अनावश्यक खर्च करने में विश्वास रखते हैं, जबकि एक पौधा लगाकर हम आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, छांव और बेहतर पर्यावरण का उपहार दे सकते हैं।
उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में लोग दिखावे और खर्च की दौड़ में फंसते जा रहे हैं, लेकिन वृक्षारोपण जैसी पहल समाज और प्रकृति दोनों के लिए लाभकारी साबित होती है। आने वाले समय में यही पेड़ लोगों को जीवनदायिनी ऑक्सीजन और हरियाली प्रदान करेंगे।
हरियाली महोत्सव की शुरुआत ऐसे व्यक्तित्व के साथ की गई जो सरल स्वभाव, मधुर व्यवहार और निस्वार्थ भाव से समाज सेवा के लिए जाने जाते हैं। कैलाश घेघट को खिलाड़ियों ने एक प्रेरणादायक व्यक्तित्व बताते हुए उनके इस प्रयास की सराहना की।
इस अवसर पर मोहन सिंह मेवाड़ा, शेरू मेवाड़ा, इंदर सिंह ठाकुर, जितेंद्र शर्मा, ठाकुर साब, मांगीलाल विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने उपस्थित होकर शुभकामनाएं दीं और वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।


