हाईवे पर खुलेआम फायरिंग, कानून व्यवस्था पर सवाल
इंदौर–भोपाल हाईवे बन रहा अपराधियों का अड्डा, मामूली विवाद में युवक को मारी गोली
आष्टा की आवाज़ /नवीन शर्मा
आष्टा - आष्टा थाना क्षेत्र में इंदौर–भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना ने जिले की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कचनारिया जोड़ के पास मामूली विवाद के बाद कार सवार युवकों ने एक 20 वर्षीय युवक के पैर में गोली मार दी और बेखौफ होकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, काले रंग की XUV कार (RJ20UA9388) में सवार तीन युवकों ने पहले एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारी। इसके बाद हुए विवाद के दौरान एक आरोपी ने अवैध पिस्टल निकालकर गोली चला दी। घटना के समय हाईवे पर अन्य वाहन भी मौजूद थे, जिससे किसी बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता।
घटना के बाद आरोपियों का दो घंटे तक फरार रहना इस बात को दर्शाता है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ लगातार कम होता जा रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी राजस्थान के निवासी हैं और उनके खिलाफ पहले से आपराधिक रिकॉर्ड भी हो सकता है। एक आरोपी हत्या के प्रयास के मामले में पहले से फरार बताया जा रहा है, इसके बावजूद उसका खुलेआम हथियार के साथ जिले में घूमना सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता है।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि हाईवे पर इस तरह खुलेआम गोलियां चलेंगी तो आम नागरिक खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेगा? सवाल यह भी है कि बाहरी राज्यों के आपराधिक तत्व जिले में कैसे बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
हालांकि पुलिस ने तीनों आरोपियों को हथियार और कारतूस सहित गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन घटना ने यह साफ कर दिया है कि अपराध पर रोक लगाने के लिए सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, बल्कि सख्त निगरानी और प्रभावी पुलिसिंग की जरूरत है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस घटना से सबक लेकर जिले की कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए क्या ठोस कदम उठाता है, या फिर हाईवे अपराधियों के लिए यूं ही सुरक्षित पनाहगाह बना रहेगा।


